नामकरण की दावत में खूनी संघर्ष, गर्दन पर वार कर युवक की हत्या; दो आरोपी गिरफ्तार
टेन न्यूज़ ii 05 अगस्त 2026 ii मुनीश चन्द्र शर्मा
फतेहगंज पूर्वी (बरेली)। थाना क्षेत्र के गांव रधौली कला गौटिया में नामकरण संस्कार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब खाने की व्यवस्था को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट के दौरान 55 वर्षीय सुखपाल पुत्र रामलाल की गर्दन पर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे तीन रिश्तेदार घायल हो गए। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस और परिजनों के अनुसार, सोमवार रात करीब 9:30 बजे सुखपाल के छोटे बेटे अवनीश के पुत्र का नामकरण समारोह चल रहा था। मेहमानों के भोजन की व्यवस्था छत पर की गई थी। सुखपाल व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कुछ लोगों से छत पर जाकर भोजन करने को कहा, लेकिन आरोप है कि वे हलवाइयों के पास ही खाना खाने की जिद करने लगे। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया।
परिजनों का आरोप है कि विजय, विनोद, मुकेश और मानसिंह ने पहले सुखपाल के साथ मारपीट की और फिर लाठी-डंडों से हमला किया। आरोप है कि इसके बाद सुखपाल की गर्दन पर लगातार कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे लक्ष्मीचंद, सुनील और सूरजपाल भी घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विजय और मानसिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि विनोद और मुकेश की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।