20 सितंबर को छह परीक्षा केंद्रों पर होगी सर सैय्यद अहमद स्कॉलरशिप परीक्षा![]()
टेन न्यूज़ ।। 13 सितम्बर 2026 ।। तौफ़ीक़ फारूकी ब्यूरो
फर्रुखाबाद। एजुकेशनल मूवमेंट सोसायटी फतेहगढ़ की ओर से आयोजित सर सैय्यद अहमद स्कॉलरशिप प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारियों को लेकर शनिवार को इस्लामिया स्कूल फतेहगढ़ में बैठक हुई। बैठक में परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर पदाधिकारियों ने चर्चा की।
सोसायटी के सचिव सैयद रिजवान अली ने बताया कि संस्था द्वारा प्रत्येक वर्ष सर सैय्यद अहमद स्कॉलरशिप प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित कराई जाती है। इसके माध्यम से जूनियर, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट स्तर के मुस्लिम छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित किया जाता है। परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 50 से अधिक विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल, शील्ड और नगद धनराशि देकर सम्मानित किया जाएगा। अब तक 500 से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा के लिए आवेदन कर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष परीक्षा 20 सितंबर, रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के लिए इस्लामिया जूनियर हाईस्कूल हाथीखाना फतेहगढ़, हाजी अख्तर हुसैन रहमानी गर्ल्स इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद, जफरुल इस्लाम पब्लिक स्कूल जरारी कमालगंज, रफीकुल उलूम स्कूल मोहम्मदाबाद तथा सुल्तान आलम खान मेमोरियल पब्लिक स्कूल कायमगंज को केंद्र बनाया गया है। प्रेस नोट में छह केंद्रों का उल्लेख है, लेकिन नाम पांच केंद्रों के दिए गए हैं।
श्री अली ने बताया कि परीक्षा पहले 26 सितंबर को प्रस्तावित थी, जिसे संशोधित कर 20 सितंबर कर दिया गया है। जिन विद्यार्थियों ने अभी तक आवेदन पत्र नहीं लिया है, वे सोसायटी के निर्धारित केंद्रों से फार्म लेकर शीघ्र भरकर वहीं जमा कर दें।
बैठक में रऊफ खान, असलम अब्बासी, मुबीन खान, खुर्शीद अहमद खान, फरियाब खान, तालिब, जीशान अंसारी, सोहेल, अदनान और तौसीफ अली एडवोकेट मौजूद रहे।