हाईवे किनारे कूड़े के ढेर में मिले शव की हुई शिनाख्त, सीमेंट फैक्ट्री मजदूर का निकला शव, परिवार में मचा हड़कंप![]()
नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा वास्तविक कारण
टेन न्यूज़ ।। 13 सितम्बर 2026 ।। पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा, शाहजहाँपुर। थाना क्षेत्र में काशीनाथ फार्म के सामने हाईवे किनारे रविवार सुबह कूड़े के ढेर पर एक अज्ञात शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच-पड़ताल की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।![]()
मृतक की पहचान भावलखेड़ा के जिगनिया देवकली, थाना बंडा निवासी राजपाल (45) पुत्र हरिशंकर के रूप में हुई है। बताया गया है कि राजपाल मीरानपुर कटरा क्षेत्र स्थित एक सीमेंट फैक्ट्री में मजदूरी करता था। रविवार सुबह हाईवे किनारे कूड़े के ढेर पर उसका शव पड़ा मिलने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, राजपाल नशे का आदी था और पिछले कई दिनों से उसे नशे की हालत में देखा जा रहा था। इसी आधार पर नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। राजपाल अपने पीछे पत्नी आशा देवी और तीन बच्चों को छोड़ गया है। शव मिलने की खबर परिवार तक पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।