आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के पोषण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम![]()
टेन न्यूज ।। 20 सितम्बर 2026 ।। प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्देश पर जिले में 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक 9वां राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जा रहा है। अभियान के तहत बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा आमजन को पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इसी क्रम में जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर विभिन्न जागरूकता एवं गतिविधि आधारित कार्यक्रम आयोजित किए गए। आंगनबाड़ी केंद्र आस्करनपुर्वा, नागापुर्वा, अजयपाल और रामपुर बैजू में बच्चों के लिए खेल एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।![]()
कार्यक्रम में बच्चों को ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ और ‘खेल-खेल में सीखना’ की अवधारणा के तहत विभिन्न गतिविधियों में शामिल कराया गया। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने बच्चों और अभिभावकों को नियमित पोषाहार एवं अनुपूरक पोषाहार के महत्व और स्वास्थ्य लाभ की जानकारी दी।
अभिभावकों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वच्छता, साफ-सफाई और व्यक्तिगत स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। कार्यकत्रियों ने बच्चों के दैनिक आहार में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करने तथा अनुपूरक पोषाहार का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ाने के साथ स्वस्थ जीवनशैली और पोषण संबंधी सकारात्मक आदतों को विकसित करने का संदेश दिया गया।