अलीपुर जलेसर और कटरी दुर्जनापुर में बनेंगे आधुनिक आंगनबाड़ी केंद्र![]()
टेन न्यूज़ ।। 20 सितम्बर 2026 ।। प्रभाष चन्द्र ब्यूरो
कन्नौज । विकासखंड गुगरापुर के ग्राम अलीपुर जलेसर और विकासखंड कन्नौज की ग्राम पंचायत गदनपुर नरहा के मजरा कटरी दुर्जनापुर में आधुनिक आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कराया जाएगा। रविवार को प्रदेश सरकार के समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने दोनों केंद्रों का विधि-विधान एवं हवन-पूजन के साथ शिलान्यास किया।![]()
दोनों आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कन्नौज खनिज फाउंडेशन न्यास निधि से 9.98-9.98 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। इस दौरान राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।![]()
असीम अरुण ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक विकास, पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा की आधारशिला हैं। आधुनिक सुविधाओं से युक्त केंद्रों में बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और बाल-अनुकूल वातावरण मिलेगा। साथ ही गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को भी शासन की विभिन्न योजनाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा।
जिला खनन अधिकारी संदेश कुमार पटेल ने बताया कि केंद्रों में क्लास रूम, स्टोर रूम, किचन, बरामदा, शौचालय, बालमित्र शौचालय, हैंडवॉश सुविधा और रैंप सहित आवश्यक व्यवस्थाएं होंगी। इसके अलावा सोकपिट, सबमर्सिबल पंप, टाइल्स, सोलर पैनल, एलईडी लाइट्स और फर्नीचर की भी व्यवस्था प्रस्तावित है।
राज्य मंत्री ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि भवन बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया जाए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और गांवों के तालाबों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील भी की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेंद्र सिंह, खंड विकास अधिकारी दिनेश चंद्र, तहसीलदार सदर अवनीश कुमार सहित संबंधित अधिकारी और गणमान्यजन मौजूद रहे।