गंज गांव के किसानों के विस्थापन-मुआवजे की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन

भारतीय हलधर किसान यूनियन ने उठाई मांग, समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
महोबा। कबरई बांध से प्रभावित गंज गांव के किसानों के विस्थापन और मुआवजे की मांग को लेकर भारतीय हलधर किसान यूनियन के पदाधिकारियों और किसानों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष जनक सिंह परिहार के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में किसानों की समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की गई।
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि कबरई बांध से प्रभावित किसानों के विस्थापन और मुआवजे से संबंधित सिंचाई विभाग की ओर से रिपोर्ट तैयार की गई थी। किसानों ने मांग की कि उक्त रिपोर्ट को पुनः उच्च अधिकारियों को रिमाइंडर के तौर पर भेजा जाए, ताकि मामले में आगे की कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने और प्रभावित परिवारों को नियमानुसार उनका हक दिलाने की मांग की गई। किसान नेताओं ने कहा कि लंबे समय से प्रभावित किसानों की समस्याएं बनी हुई हैं, इसलिए प्रशासन को मामले में गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।
ज्ञापन कार्यक्रम में जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष ब्रजेंद्र तिवारी, तहसील अध्यक्ष महोबा युवा शिशुपाल सिंह, किसान शंतराम त्रिपाठी, रंगनाथ, कुलदीप सिंह, हरिशंकर, चंदिका प्रसाद, नजीर, सब्बू, गोली सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे।
यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन किसानों के हित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।