नवनियुक्त डीएम आलोक कुमार ने संभाला पीलीभीत का कार्यभार

टेन न्यूज़ !! २४ सितम्बर २०२६ !! रामचंद्र सक्सेना ब्यूरो
पीलीभीत। नवनियुक्त जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बुधवार को पीलीभीत पहुंचकर जिलाधिकारी पद का कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने जिले के पत्रकारों के साथ बैठक कर जनसमस्याओं, विकास कार्यों और प्रशासन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद किया।
बैठक के दौरान पत्रकारों ने जनहित से जुड़े कई मुद्दे जिलाधिकारी के समक्ष रखे। इनमें जिला पंचायत की सागौन नीलामी का मामला प्रमुखता से उठाया गया। पत्रकारों ने नीलामी को लेकर पूर्व में सामने आए सवालों और स्थानीय स्तर पर उठ रही आपत्तियों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। साथ ही पूरे मामले में पारदर्शिता के साथ कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता बताई।![]()
इसके अलावा जिले में धान खरीद व्यवस्था को लेकर भी पत्रकारों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित किया। धान खरीद में कथित अनियमितताओं और किसानों से जुड़ी शिकायतों का मुद्दा उठाते हुए निष्पक्ष जांच कराने तथा खरीद व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की मांग की गई।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने पत्रकारों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों को गंभीरता से सुना और संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
जिला पीलीभीत ब्यूरो चीफ रामचंद्र सक्सेना।