त्योहारों को लेकर तिलहर में पीस कमेटी बैठक, जाम की समस्या उठी

टेन न्यूज़ !! २४ सितम्बर २०२६ !! अमुक सक्सेना
तिलहर/शाहजहांपुर । आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बुधवार देर शाम कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरें ने की। इस दौरान व्यापारियों और नगर के लोगों ने विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष सौरभ गुप्ता रवि ने नगर में आए दिन लगने वाले जाम की समस्या उठाते हुए इसके स्थायी समाधान की मांग की। उन्होंने तेज आवाज करने और पटाखे छोड़ते हुए मोटरसाइकिल चलाने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की।
एसपी ग्रामीण ने सीओ विद्युत सक्सेना को निर्देश दिए कि नगर में जाम की समस्या को देखते हुए ई-रिक्शा के लिए रूट निर्धारित कराया जाए। साथ ही तेज आवाज और पटाखे छोड़कर बाइक चलाने वाले लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में हितेश गुप्ता रिंकू ने विद्युत विभाग और नगर पालिका के अधिकारियों के मौजूद नहीं रहने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जब संबंधित विभागों के अधिकारी बैठक में नहीं आएंगे तो विभागीय समस्याओं का समाधान कैसे होगा। इस पर बताया गया कि संबंधित अधिकारियों को एसडीएम के माध्यम से पत्र भेजकर समस्याओं के निस्तारण के लिए अवगत कराया जाएगा।