औरैया में नेशनल हाईवे पर घोड़ों से टकराई कार, सीएचओ गंभीर घायल![]()
टक्कर में दो घोड़ों की मौत;घायल स्वास्थ्य कर्मी कानपुर रेफर
टेन न्यूज ।। 26 सितम्बर 2026 ।।ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया।* जनपद के अजीतमल स्थित नेशनल हाईवे पर एसएस ढाबे के सामने अचानक सड़क पर जा रहे दो घोड़ों से एक कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार स्वास्थ्य कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दोनों घोड़ों की मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल पहुंचाया गया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उसे हैलट अस्पताल कानपुर रेफर कर दिया गया।
बाबरपुर कस्बे के मोहल्ला विद्यानगर निवासी कुलदीप सिंह (35) पुत्र स्व. जालिम सिंह अमावता स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) के पद पर कार्यरत हैं।
गुरुवार रात वह कार से बाबरपुर से अनंतराम की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह नेशनल हाईवे पर एसएस ढाबे के सामने पहुंचे, तभी सड़क पर जा रहे दो घोड़ों से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कुलदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए सीएचसी अजीतमल पहुंचाया।
हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हैलट अस्पताल कानपुर रेफर कर दिया। वहीं, टक्कर में दोनों घोड़ों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घोड़ों को लेकर जा रहा युवक हादसे के बाद मौके से भाग गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।