तिलहर में 126 साल पुरानी दीवार गिरी, बड़ा हादसा टला![]()
टेन न्यूज़।। 28 सितम्बर 2026 ।। अमुक सक्सेना
तिलहर/शाहजहांपुर । नगर में मौजमपुर मुख्य डाकघर के पास वर्षों पुरानी दीवार रात में अचानक भरभराकर गिर गई। हादसा रात के समय होने के कारण बड़ा नुकसान होने से टल गया। दीवार के मलबे में सन् 1901 की ईंटें मिलने से इसकी पुरानापन का अंदाजा लगाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, यदि यह दीवार दिन के समय गिरती तो बड़ा हादसा हो सकता था। डाकघर खुलने के दौरान यहां आधार कार्ड में सुधार सहित अन्य कार्यों के लिए सैकड़ों लोग पहुंचते हैं। लोग दीवार के आसपास बैठते हैं और अपनी मोटरसाइकिलें भी कतार में खड़ी करते हैं। ऐसे में दीवार गिरने से जानमाल के साथ वाहनों को भी नुकसान पहुंच सकता था।
हादसे के बाद आसपास के लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुरानी और जर्जर इमारतों व दीवारों का निरीक्षण कराकर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना से बचा जा सके।