कटरा में छुट्टा गोवंश से टकराई बाइक, दो युवक गंभीर घायल

टेन न्यूज़।। 29 सितम्बर 2026 ।। पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर। जलालाबाद रोड पर सांसद के कोल्ड स्टोरेज के सामने अचानक सड़क पर आए छुट्टा गोवंश से बाइक टकरा गई। हादसे में मोहल्ला बंगशान निवासी दानिश और सुहैल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक शाम के समय खैरपुर से कटरा की ओर आ रहे थे।
बताया गया कि अचानक सड़क पर आए गोवंश से बाइक की तेज टक्कर हो गई, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अवधेश कुमार सेंगर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कराकर दोनों घायलों को उपचार के लिए बरेली भेजा। परिजन भी मौके पर पहुंच गए और घायलों के साथ बरेली रवाना हुए। बताया जा रहा है कि एक युवक की हालत गंभीर है।
मौके पर एसआई संजीत शुक्ला समेत पुलिस फोर्स मौजूद रही। थाना प्रभारी की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की। वहीं, ग्रामीणों ने सड़क पर घूम रहे छुट्टा पशुओं से निजात दिलाने की मांग की है।