कटरा में अज्ञात वाहन की टक्कर से फोर व्हीलर पलटी, दो आर्मी जवान घायल

टेन न्यूज़ !! ०५ अक्टूबर २०२६ !! पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा, शाहजहाँपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिरमपुर के पास रविवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक फोर व्हीलर अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई और सड़क किनारे जा गिरी। हादसे में वाहन सवार शेषनाथ यादव पुत्र स्वर्गीय सरबजीत यादव और उनके साथी शिवकुमार दीक्षित, निवासी जनपद उन्नाव, गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के आर्मी में तैनात होने की जानकारी सामने आई है।
बताया गया कि दोनों मीरानपुर कटरा स्थित शान मैरिज लॉन में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह समाप्त होने के बाद दोनों करीब रात 11 बजे फोर व्हीलर से कानपुर के लिए रवाना हुए थे। बिरमपुर के पास पहुंचते ही किसी अज्ञात वाहन ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वाहन अनियंत्रित होकर कई पलटे खाते हुए सड़क किनारे जा गिरा।
हादसे में फोर व्हीलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके एयरबैग भी खुल गए। टक्कर के बाद दोनों घायल वाहन के अंदर ही फंस गए। इसी दौरान कटरा इस्लामनगर निवासी डॉक्टर आजम अपने साथी के साथ बाइक से वहां से गुजर रहे थे। घायलों की चीख-पुकार सुनकर उन्होंने मौके पर रुककर राहगीरों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को सीधा कराया और दोनों घायलों को बाहर निकलवाया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और कटरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए तिलहर स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू करते हुए टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।