बिजली बोर्ड में चार्जर लगाते समय युवक को लगा करंट, मौत

टेन न्यूज़ !! ०५ अक्टूबर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल | औरैया
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नरायनपुर में घर के बिजली बोर्ड में मोबाइल चार्जर लगाते समय करंट की चपेट में आने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन आनन-फानन युवक को जिला संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
मोहल्ला नरायनपुर निवासी बबलू कुशवाहा (30) पुत्र शोभरन कुशवाहा हलवाई का काम करता था। बताया गया कि वह घर में लगे बिजली के बोर्ड में मोबाइल का चार्जर लगा रहा था। इसी दौरान अचानक उसे तेज करंट का झटका लग गया। करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और बेहोश होकर फर्श पर गिर पड़ा।
बबलू को बेसुध पड़ा देखकर परिजन घबरा गए। आनन-फानन उसे जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बबलू को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
बबलू की अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद मोहल्ले में भी शोक का माहौल बना हुआ है।