शाहजहांपुर में सर्राफ से दो लाख वसूली के आरोपी चार सिपाही बर्खास्त![]()
टेन न्यूज।। 06 अक्टूबर 2026 ।। अमुक सक्सेना
तिलहर, शाहजहांपुर। सर्राफा व्यापारी को स्मैक तस्कर बताकर उसके परिवार से दो लाख रुपये वसूलने के आरोप में तिलहर थाने में तैनात चार सिपाहियों को एसपी सौरभ दीक्षित ने बर्खास्त कर दिया है। विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद सोमवार को यह कार्रवाई की गई। मामले में चारों सिपाहियों समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है।
कानूनगोयान निवासी सर्राफा व्यापारी सुंदरम ने आरोप लगाया था कि चार सितंबर को उसे जेवर गिरवी रखने के बहाने चौराहे पर बुलाया गया। वहां तिलहर थाने में तैनात सिपाही पंकज, वीरेंद्र, अरुण और तुषार उसे स्मैक तस्कर बताते हुए विरियागंज पुलिस चौकी ले गए। आरोप है कि इसके बाद उसके परिवार से दो लाख रुपये लिए गए और उसी रात उसे छोड़ दिया गया।
शिकायत मिलने पर एसपी ने मामले की विभागीय जांच कराई। आरोप सही पाए जाने पर चारों सिपाहियों को बर्खास्त कर दिया गया। इससे पहले उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर निलंबित किया गया था। पंकज और वीरेंद्र गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं, जबकि अरुण और तुषार फरार हैं। मामले में चार अन्य युवक भी आरोपी हैं, जिनमें तीन जेल भेजे जा चुके हैं।