• Sat. Oct 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन, शाहजहांपुर में पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित

ByTen News One Desk

Oct 17, 2026
3 Views

4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन, शाहजहांपुर में पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित


मतदेय स्थलों के संशोधन प्रस्तावों का 19 अक्टूबर को होगा आलेख्य प्रकाशन, राजनीतिक दल 23 अक्टूबर तक दे सकेंगे सुझाव और आपत्तियां


टेन न्यूज़ !! १७ अक्टूबर २०२६ !! डेस्क न्यूज़

शाहजहांपुर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम और मतदेय स्थलों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदेय स्थलों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन का कार्य 2 नवंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा। निर्वाचक नामावलियों की एकीकृत आलेख्य सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को होगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को निर्धारित है।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत सबसे पहले मतदेय स्थलों के संभाजन एवं पुनर्व्यवस्थापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस संबंध में आयोग की गाइडलाइन राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को उपलब्ध करा दी गई है।

उन्होंने बताया कि सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा मतदेय स्थलों के संशोधन संबंधी प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। इन प्रस्तावों का आलेख्य प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। प्रकाशित प्रस्तावों की प्रतियां राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को भी उपलब्ध कराई जाएंगी। राजनीतिक दल 23 अक्टूबर तक इन प्रस्तावों पर अपने सुझाव एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्राप्त सुझावों और आपत्तियों पर विचार-विमर्श के लिए 26 अक्टूबर 2026 को सांसदों, विधायकों तथा संबंधित अध्यक्षों एवं मंत्रियों के साथ दोबारा बैठक आयोजित की जाएगी। विचार-विमर्श के बाद संशोधन प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

प्रशासन की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी कराने की तैयारी की जा रही है, ताकि मतदाता सूची को अद्यतन किया जा सके और पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल करने की प्रक्रिया सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!