काली माता मंदिर चोरी का 12 घंटे में खुलासा, तीन मुकुट और दो छत्र बरामद

महोबा में कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
टेन न्यूज़ !! ०३ नवम्बर २०२६ !! राहुल विश्वकर्मा व्यूरो महोवा यूपी
महोबा। काली माता मंदिर में हुई चोरी की घटना का महोबा पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। कोतवाली नगर पुलिस और जनपदीय एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किए गए तीन मुकुट और दो छत्र बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, एक नवंबर 2026 को मोहल्ला काठकुलवापुरा, बंधानवार्ड स्थित छोटी चंद्रिका मंदिर के पास बने काली माता मंदिर के पुजारी विपिन चौरसिया ने डायल-112 पर चोरी की सूचना दी थी। पुजारी के मुताबिक, मंदिर पहुंचने पर माता की प्रतिमा पर लगे तीन मुकुट और दो छत्र गायब मिले थे।![]()
सूचना पर पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुजारी की तहरीर पर कोतवाली नगर में मुकदमा अपराध संख्या 520/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(d) में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच की। इसके बाद दो नवंबर को बंधानवार्ड क्षेत्र से कालीचरण पुत्र राजू कुशवाहा (31), निवासी राजीव नगर, थाना कबरई, महोबा को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सफेद धातु के तीन मुकुट और दो छत्र बरामद किए। तलाशी में 200 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी मिला। मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।