• Wed. Nov 4th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

दीपावली से पहले औरैया में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 110 किलो दूषित खाद्य सामग्री नष्ट

ByTen News One Desk

Nov 4, 2026
11 Views

दीपावली से पहले औरैया में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 110 किलो दूषित खाद्य सामग्री नष्ट


39 नमूने जांच के लिए भेजे गए, 23,950 रुपये की सामग्री नष्ट; रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों पर होगी कार्रवाई


टेन न्यूज़  !! ०४ नवम्बर २०२६ !! ब्यूरो  चीफ रामजी पोरवाल

औरैया। दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिले के विभिन्न कस्बों और बाजारों में मिठाई की दुकानों सहित खाद्य प्रतिष्ठानों पर जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के 39 नमूने लिए गए, जबकि दूषित मिठाई, खोया और पनीर सहित करीब 110 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। नष्ट की गई सामग्री की अनुमानित कीमत 23,950 रुपये बताई गई है।

प्रमुख सचिव खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ. रोशन जैकब और जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य सुनील कुमार के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव कुमार वर्मा तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास और अनिल कुमार संखवार शामिल रहे।

खाद्य विभाग की टीम ने औरैया, दिबियापुर, बिधूना, मुरादगंज, नारायणपुर, असेनी और जालौन रोड सहित विभिन्न स्थानों पर प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान पाल स्वीट हाउस, शिवाजी स्वीट हाउस, बालाजी स्वीट हाउस, राधे-राधे स्वीट्स, मुरली स्वीट हाउस, रमाकांत स्वीट हाउस, शिव शंभू स्वीट हाउस और पोरवाल स्वीट हाउस सहित कई प्रतिष्ठानों से खोया, छेना मिठाई, मिल्क केक, पनीर, बर्फी, लड्डू, दूध और मसालों के नमूने संग्रहित किए गए।

सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। मौके पर मिली कमियों के संबंध में संबंधित कारोबारियों को सुधार नोटिस जारी किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त खाद्य सुनील कुमार ने कारोबारियों से खाद्य लाइसेंस, खरीद-बिक्री के बिल, स्टॉक रजिस्टर और कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र उपलब्ध रखने की अपील की। उन्होंने खाद्य सामग्री अधिकृत आपूर्तिकर्ताओं से खरीदने पर भी जोर दिया। साथ ही आमजन से मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री की सूचना कलेक्ट्रेट मुख्यालय ककोर स्थित खाद्य सुरक्षा विभाग को लिखित रूप में देने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!