नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, मुकदमा दर्ज
टेन न्यूज़ !! ०७ नवम्बर २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो , औरेया यूपी
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी 16 वर्षीय नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में पिता ने बताया कि उनकी पुत्री की उम्र 16 वर्ष आठ माह है। 12 अक्टूबर 2026 की शाम करीब छह बजे वह खेत से काम करके घर लौटे तो पुत्री घर पर नहीं मिली। काफी खोजबीन करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला।
पिता के अनुसार, बाद में उन्हें जानकारी मिली कि आगरा जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के मुकुटपुरा निवासी उनके रिश्तेदार सूरज पुत्र कैलाश उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पिता का कहना है कि वह लगातार अपनी पुत्री की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
कोतवाली प्रभारी विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी सूरज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस किशोरी की तलाश में जुटी है।
ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल