10 साल से फरार गैंगस्टर एक्ट का वारंटी गिरफ्तार

ठिकाना बदलकर रह रहा था आरोपी, जीआरपी पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा
टेन न्यूज़ !! ०७ नवम्बर २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो , औरेया यूपी
औरैया। जीआरपी फफूंद पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में करीब 10 साल से फरार चल रहे वारंटी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कस्बे के लक्ष्मीनगर से दबिश देकर पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपसिंह (38) पुत्र शिवप्रताप सिंह निवासी बघुल्याई, थाना अछल्दा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ जीआरपी इटावा थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 53/2008 के गैंगस्टर एक्ट मामले में न्यायालय से वारंट जारी था। वह लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। उसने अपना स्थायी पता छोड़कर लक्ष्मीनगर में रहना शुरू कर दिया था। पुलिस अधीक्षक रेलवे आगरा के निर्देशन में गठित टीम ने सोशल मीडिया और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उसकी तलाश की।
सूचना मिलने पर जीआरपी फफूंद चौकी प्रभारी सहित पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल