कीटनाशक पदार्थ खाने से विवाहिता की मौत, परिवार में मचा कोहराम

पति-पत्नी के बीच कहासुनी के बाद उठाया आत्मघाती कदम, इलाज के दौरान तोड़ा दम
टेन न्यूज़ !! ०७ नवम्बर २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो ,औरेया यूपी
औरैया। फफूंद थाना क्षेत्र के उटकपूरा (कमारा) गांव में पति-पत्नी के बीच कहासुनी के बाद एक विवाहिता ने घर में रखा कीटनाशक पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे एंबुलेंस से चिचौली स्थित जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में मातम छा गया। वहीं, चार माह की मासूम बच्ची के सिर से मां का साया उठ गया।
जानकारी के अनुसार, कन्नौज जिले के छिबरामऊ थाना क्षेत्र निवासी ब्रजेश की 25 वर्षीय पुत्री रेखा की शादी 18 नवंबर 2025 को हिंदू रीति-रिवाज के साथ उटकपूरा (कमारा) गांव निवासी विकास पुत्र शिवराम सिंह से हुई थी। बताया गया कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद रेखा ने घर में रखा कीटनाशक पदार्थ खा लिया।
रेखा को कीटनाशक पदार्थ खाते देख उसकी सास जयदेवी ने अन्य परिजनों को जानकारी दी। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। विवाहिता की मौत की सूचना मायके पक्ष और पुलिस को दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि अस्पताल से मेमो प्राप्त हुआ है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल