ताऊ के घर चोरी करने वाला भतीजा गिरफ्तार, सोने के जेवर बरामद

अजीतमल पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम ने किया वारदात का खुलासा, 17 लाख रुपये के आभूषण बरामद
टेन न्यूज़ !! ०७ नवम्बर २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो , औरेया यूपी
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में चाचा के घर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले भतीजे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। थाना अजीतमल और स्वाट-सर्विलांस की संयुक्त टीम ने आरोपी के कब्जे से करीब 107.299 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 17 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त एक बेलचा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, शास्त्रीनगर निवासी उमेश कुमार पुत्र स्वर्गीय शिवचरण ने 21 अक्टूबर 2026 को तहरीर देकर बताया था कि वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रिंग सेरेमनी समारोह में शामिल होने अछल्दा गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर ने घर के पीछे के दरवाजे से प्रवेश कर अलमारी का लॉकर तोड़ दिया और उसमें रखे सोने के आभूषण चोरी कर लिए। तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान गांधी नगर मोहल्ले में पावर हाउस के पास हाईवे-19 से अभियुक्त अंशुल उर्फ यश पुत्र अम्बेश कुमार दोहरे को गिरफ्तार किया।![]()
पूछताछ में चाचा के घर चोरी की बात कबूली
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वादी उमेश कुमार दोहरे उसके चाचा हैं और उसका उनके घर आना-जाना रहता था। इसी वजह से उसे घर में रखे जेवरात की जानकारी थी। 21 अक्टूबर को चाचा के परिवार के साथ समारोह में जाने के बाद उसने सूना घर देखकर चोरी की योजना बनाई। आरोपी अपने घर से बेलचा लेकर चाचा के मकान पर पहुंचा और अंदर से बंद दरवाजा धक्का देकर खोल लिया। इसके बाद बेलचे से अलमारी का लॉक तोड़कर जेवरात चोरी किए और अपने घर के पीछे बने टूटे कमरे के मलबे में ईंटों के नीचे छिपा दिए।
ये आभूषण हुए बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सोने की अंगूठी (10.947 ग्राम), एक जोड़ी झाला (8.097 ग्राम), धागे सहित एक माला (35.109 ग्राम), माला के तीन टुकड़े (18.292 ग्राम), एक सोने का ब्रेसलेट (28.706 ग्राम) और एक अन्य अंगूठी (6.148 ग्राम) बरामद की है। कुल बरामद आभूषणों का वजन लगभग 107.299 ग्राम बताया गया है।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल