दो बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत, चार घायल

सरसों की फसल देखकर लौट रहा था विकास, मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम
टेन न्यूज़ !! १२ नवम्बर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। थाना अयाना क्षेत्र के बीझलपुर मार्ग पर बड़ी माता मंदिर के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार पांच लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अयाना पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन घायलों को चिचौली स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने विकास यादव (22) को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
विकास के बड़े भाई मलखान सिंह ने बताया कि विकास अविवाहित था और खेती-किसानी में परिवार का हाथ बंटाता था। वह अपने दोस्त संजेश प्रजापति के साथ बाइक से खेत में खड़ी सरसों की फसल देखने गया था। वहां से दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ी माता मंदिर के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
दूसरी बाइक पर अयाना निवासी उमरेश चंद्र, उनके पुत्र दीपक और दामाद मनीष सवार थे। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार पांचों लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने सभी को अस्पताल पहुंचाया। सीएचसी में संजेश और उमरेश को प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि विकास समेत तीन घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां डॉक्टरों ने विकास को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर बड़े भाई मलखान सिंह, शिवपूजन सहित अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। थानाध्यक्ष संजय कुमार राय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।