• Thu. Nov 12th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

नवादा गांव में डेंगू का प्रकोप, दर्जनों ग्रामीण बीमार

ByTen News One Desk

Nov 12, 2026
8 Views

नवादा गांव में डेंगू का प्रकोप, दर्जनों ग्रामीण बीमार


जलभराव और गंदगी से मच्छरों का खतरा बढ़ा, सफाई कर्मी पर लापरवाही का आरोप


 टेन न्यूज़ !! १२ नवम्बर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल

औरैया। जनपद के विकास खंड भाग्यनगर की ग्राम पंचायत ममरेजपुरखाम के मजरा नवादा में डेंगू बुखार फैलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में दर्जनों लोग डेंगू की चपेट में हैं, जबकि कुछ मरीज उपचार के बाद स्वस्थ भी हो चुके हैं। कई घरों में एक से अधिक लोग बुखार से पीड़ित हैं। इसके बावजूद गांव की सफाई व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। जगह-जगह जलभराव, नालियों में जमा गंदगी और कूड़े के ढेर से मच्छरों के पनपने का खतरा बढ़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, संजू यादव की पत्नी रीता करीब दस दिन से बुखार से पीड़ित हैं, जबकि उनकी बेटी कुमारी सेजन को तीन दिन से बुखार है। परिजनों का कहना है कि एंटीजन किट से जांच में दोनों के डेंगू संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसके अलावा कन्हैया लाल यादव भी डेंगू से पीड़ित बताए गए हैं और उनका उपचार चल रहा है। रश्मि पत्नी बृजमोहन, सोनी पत्नी रमेश, विमल पुत्र रमेश और निशा पत्नी श्रीओम के भी डेंगू की चपेट में आने की जानकारी दी गई है। वहीं सुरेंद्र, मुन्नू, गीता देवी पत्नी महेंद्र सिंह, अर्चना देवी पत्नी विकास सिंह, हाकिम सिंह और गोविंद पुत्र नरेश पाल सहित कई अन्य ग्रामीण भी बुखार से पीड़ित बताए जा रहे हैं।

गांव की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीण बृजमोहन ने बताया कि उन्होंने सफाई कर्मी से फोन पर गांव की सफाई कराने की बात कही थी। आरोप है कि सफाई कर्मी ने गांव आने से मना कर दिया और कहा कि जहां शिकायत करनी हो कर दो, वह सफाई करने नहीं आएगा। बृजमोहन का दावा है कि उनके पास बातचीत की रिकॉर्डिंग भी मौजूद है।

ग्रामीणों का कहना है कि नियमित सफाई न होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों की जांच कराने, एंटी लार्वा का छिड़काव कराने और ग्राम पंचायत से तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!