ट्रेन की चपेट में आने से 34 वर्षीय युवक की मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला शव
द्वारकेश चीनी मिल के पीछे हुआ हादसा, आरपीएफ की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कराई शिनाख्त
टेन न्यूज़ !! १६ नवम्बर २०२६ !! मुनीश चन्द्र शर्मा ,
फतेहगंज पूर्वी (बरेली)। द्वारकेश चीनी मिल के पीछे रविवार दोपहर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से 34 वर्षीय युवक की मौत हो गई। रेलवे लाइन पर शव पड़ा होने की सूचना से क्षेत्र में हलचल मच गई। सूचना मिलने पर आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मृतक की पहचान प्रेमपाल (34) पुत्र सुमेर लाल निवासी ग्राम रामपुरिया, थाना फरीदपुर, जिला बरेली के रूप में हुई है। युवक का शव रेलवे ट्रैक पर खंभा संख्या 1281/24 से 1281/26 के बीच पड़ा मिला। रविवार दोपहर ट्रैक से गुजर रहे लोगों ने शव देखकर आरपीएफ को सूचना दी थी।
सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने स्थानीय पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव की शिनाख्त कराई और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
युवक किन परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।