• Tue. Nov 24th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फीता काटकर किया झनकईया गंगा स्नान मेले का शुभारंभ

ByTen News One Desk

Nov 24, 2026
1 Views

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फीता काटकर किया झनकईया गंगा स्नान मेले का शुभारंभ


मां शारदा के दरबार में की पूजा-अर्चना, जलेबी और सिंघाड़े की खरीदारी कर ताजा कीं बचपन की यादें; शारदा घाट निर्माण की घोषणा


टेन न्यूज़ !! २४ नवम्बर २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो ,उधमसिंहनगर उत्तराखंड

खटीमा। भारत-नेपाल सीमा के निकट आयोजित ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। कार्तिक पूर्णिमा, गंगा स्नान और गुरु पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री मां शारदा के पवित्र तट पर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

मेले के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न दुकानों का भ्रमण किया और जलेबी तथा सिंघाड़े की खरीदारी की। इस दौरान उन्होंने मेले से जुड़ी बचपन की यादें भी साझा कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां शारदा के तट पर लगने वाले इस मेले से उनकी अनेक यादें जुड़ी हैं। बचपन में वह सालभर इस मेले का इंतजार करते थे। यहां की रौनक, दुकानों की चहल-पहल और जलेबी-सिंघाड़े का स्वाद आज भी उन्हें पुराने दिनों की याद दिलाता है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मां शारदा के तट पर शारदा घाट के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि घाट बनने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और इस धार्मिक स्थल को नई पहचान मिलेगी। इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले, त्योहार, लोककला और लोकसंस्कृति हमारी परंपरा और विरासत के महत्वपूर्ण अंग हैं। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ते हैं। इन परंपराओं को सहेजना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

भारत-नेपाल सीमा के समीप लगने वाले इस मेले का धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व है। इसमें उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पीलीभीत, बरेली, रामपुर, बदायूं और पूरनपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं। यह मेला दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी सद्भाव और भाईचारे को भी बढ़ावा देता है।

क्षेत्र के भारामल बाबा मंदिर, मनखंडी महादेव मंदिर और वन चेतना मंदिर सहित कई धार्मिक स्थल इसकी पहचान को और मजबूत बनाते हैं। मेले से स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और कारीगरों को भी रोजगार एवं व्यापार का अवसर मिलता है।

मुख्यमंत्री द्वारा मेले का शुभारंभ और शारदा घाट निर्माण की घोषणा किए जाने से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!