मिशन 2027 के तहत विप्लव पार्टी ने शुरू किया प्रचार अभियान, वाहनों को दिखाई हरी झंडी

राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अरविंद गुप्ता ‘सर्जन’ ने कहा- राजनीति को सत्ता नहीं, जनसेवा का माध्यम बनाना है
टेन न्यूज़ !! २७ नवम्बर २०२६ !! तौफीक फारुकी ब्यूरो ,
फर्रुखाबाद/उत्तरप्रदेश । विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत विप्लव पार्टी ने फर्रुखाबाद में प्रचार अभियान शुरू किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं 194-सदर विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रत्याशी डॉ. अरविंद गुप्ता ‘सर्जन’ ने प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्र में रवाना किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच प्रचार रथों की शुरुआत की गई।
पार्टी के अनुसार, अभियान का उद्देश्य अपनी नीतियों, विचारों और जनहित से जुड़े संकल्पों को जनता तक पहुंचाना है। प्रचार वाहन फर्रुखाबाद विधानसभा क्षेत्र के माधवपुर, धवलपुर, कटरी धर्मपुर, मंजन की मड़इया और नीवलपुर सहित आसपास के गांवों और मजरों में जनसंपर्क करेंगे। इस दौरान कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों का प्रचार करने के साथ लोगों की समस्याएं भी सुनेंगे।
अभियान के शुभारंभ पर डॉ. अरविंद गुप्ता ‘सर्जन’ ने कहा कि फर्रुखाबाद को सकारात्मक बदलाव और जनसेवा आधारित राजनीति की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राजनीति को सत्ता प्राप्त करने के बजाय जनता की सेवा का माध्यम बनाया जाना चाहिए। उन्होंने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा, “जल पिएंगे, जल पिलाएंगे, राजनीति में पैसा नहीं लगाएंगे; पसीना आपके साथ दिन-रात बहाएंगे।”
उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और स्वच्छ राजनीति को अपनी प्राथमिकताएं बताया। साथ ही कहा कि क्षेत्र के बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना उनका सपना है।![]()
इस अवसर पर कार्यालय प्रभारी अब्दुल रहमान उर्फ छोटू सहित शिवम प्रताप सिंह, तनवीर सिद्दीकी, दीपक उर्फ राहुल, रविकांत गुप्ता, अमित वाल्मीकि, विवेक गुप्ता, विनोद सिंह ठाकुर, सुमित दुबे, चक्रपाल सिंह, अंकित कुमार गुप्ता, रजत कुमार कठेरिया, सुमित राजपूत, पंकज गुप्ता, गोविंद दीक्षित, कुलदीप शाक्य, प्रांजल गुप्ता, हाफिज नौशाद आलम, नंदेश गुप्ता, अशोक ठाकुर, विनीत कुमार शर्मा, वरुण कुमार राजपूत, विजय सिंह ठाकुर, सौरभ कुशवाहा, शिवम चौहान, राकेश पाल, प्रशांत दीक्षित, अभिषेक सक्सेना, सर्वेश कुमार प्रजापति और ओम नारायण यदुवंशी सहित पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। क्षेत्र के आनंद दिवाकर, ओम प्रकाश शर्मा, कुलदीप अवस्थी, अजय वर्मा, दाताराम, शिवा, पीयूष शुक्ला, राजेश अवस्थी और विजय अवस्थी भी उपस्थित रहे।