हजरत शाह लियाकत हुसैन फाजिल-ए-तिलहरी का 29वां उर्स 2 दिसंबर से

तिलहर में जुटेंगे देशभर के जायरीन, 3 दिसंबर को सुबह 9:45 बजे होगा कुल शरीफ
टेन न्यूज़ !! २८ नवम्बर २०२६ !! अमुक सक्सेना
तिलहर (शाहजहांपुर)। सूफी संत हजरत शाह लियाकत हुसैन फाजिल-ए-तिलहरी का 29वां उर्स शरीफ आगामी 2 दिसंबर से शुरू होगा। दो दिवसीय उर्स का समापन 3 दिसंबर को कुल शरीफ के साथ होगा। इसमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, दिल्ली और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से हजारों जायरीन के पहुंचने की उम्मीद है।
दरगाह के सज्जादानशीन एवं शहर इमाम हजरत मौलाना मोहम्मद स्वालेह उर्फ शद्दन मियां ने प्रेसवार्ता में उर्स के कार्यक्रम और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मोहल्ला कांकड़ स्थित दरगाह शरीफ में 2 दिसंबर को कुरानख्वानी, गुलपोशी और चादरपोशी के साथ उर्स का आगाज होगा। इसके बाद ईशा की नमाज के बाद उलमा-ए-इकराम कांफ्रेंस आयोजित की जाएगी।
कांफ्रेंस में मुफ्ती सुल्तान रजा बहराइची, मौलाना कारी हसनैन रजा गोंडा, कारी रिजवान रजा उड़ीसा, कारी फैजान रजा पीलीभीत और मौलाना नाजिम रजा बदायूं सहित कई उलमा एवं शायर-ए-इस्लाम शामिल होंगे। कार्यक्रम की निजामत मुफ्ती मौलाना अकीलुर रहमान कादरी करेंगे। जलसे की सरपरस्ती शद्दन मियां करेंगे।![]()
3 दिसंबर को सुबह 9:45 बजे कुल शरीफ होगा। इसमें हजरत मुफ्ती अहसन रजा खान कादरी, सज्जादानशीन खानकाह रिजविया बरेली शरीफ और लकाउल अमीन, सज्जादानशीन अमरोहा शिरकत करेंगे। कुल शरीफ के बाद शद्दन मियां विशेष दुआ कराएंगे।
शद्दन मियां ने बताया कि उर्स में आने वाले जायरीनों की सुविधाओं और कार्यक्रमों के बेहतर संचालन के लिए एक उपसमिति गठित की गई है। उन्होंने बताया कि हजरत शाह लियाकत हुसैन फाजिल-ए-तिलहरी चिश्ती सिलसिले से जुड़े प्रसिद्ध सूफी संत, इस्लामी विद्वान और समाज सुधारक थे। उनकी दरगाह पर वर्षभर दूर-दराज से जायरीन पहुंचते हैं।