डीएम और एसपी ने थाना समाधान दिवस में सुनीं फरियादियों की समस्याएं

शिकायतों के निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश, भूमि विवादों में संयुक्त टीम से जांच कराने पर जोर
टेन न्यूज़ !! २८ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो,
छिबरामऊ (कन्नौज)। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने थाना छिबरामऊ पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण समयबद्ध ढंग से करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए। उसके निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े मामलों में संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर प्रभावी कार्रवाई करें।
उन्होंने भूमि विवाद और अन्य संवेदनशील मामलों में आवश्यकतानुसार संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच और कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि शिकायतकर्ताओं को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें उचित समाधान मिल सके।![]()
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारी संवेदनशीलता, जवाबदेही और जनहित की भावना के साथ काम करते हुए शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें न्याय दिलाना है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को शिकायतों की निष्पक्ष जांच और समय से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में सतर्कता बरतने तथा फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने पर जोर दिया।