कटरा में सराफा व्यापारी परिवार पर जानलेवा हमला, 7 नामजद सहित 10-12 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस कार्यवाही में जुटी ![]()
टेन न्यूज़ ii 27 मई 2026 ii ब्यूरो रिपोर्ट, शाहजहांपुर
मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर। थाना कटरा क्षेत्र के मुख्य बाजार स्थित एक सराफा दुकान पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस कार्रवाई सवालों के घेरे में आ गई है। मुकदमा दर्ज होने के बावजूद नामजद आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं, जिससे व्यापारियों में रोष और पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है।
पीड़ित रवि वर्मा द्वारा थाना कटरा में दी गई तहरीर के अनुसार, 26 मई 2026 की शाम करीब 6:50 बजे वह मेन मार्केट स्थित अपनी दुकान पर बैठे थे। तभी रामनाथ वर्मा, राजेश वर्मा, राजेन्द्र वर्मा, शरद वर्मा, रिशू वर्मा, रोहित वर्मा और सचिन वर्मा सहित 10-12 अज्ञात लोग वहां पहुंचे और लाठी-डंडों, लोहे की रॉड व धारदार हथियारों से हमला बोल दिया।
शोर सुनकर बचाव में पहुंचे रवि के पिता सुभाष वर्मा, भाई विपिन वर्मा व अन्य पर भी हमला किया गया। आरोप है कि राजेन्द्र वर्मा ने चाकू से विपिन वर्मा के सिर पर वार किया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। हमलावरों ने दुकान में तोड़फोड़ भी की और तमंचा लगाकर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
मामले में मुकदमा अपराध संख्या 159/2026 दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक सागर मानव को सौंपी गई है। हालांकि, घटना के कई दिन बाद भी गिरफ्तारी न होने से स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी बढ़ रही है।
लोगों का सवाल है कि जब नामजद मुकदमा दर्ज है तो आखिर आरोपी पुलिस पकड़ से बाहर क्यों हैं? वहीं थाना निरीक्षक अवधेश सिंह सेंगर ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है कुछ आरोपितों को BNSS की 170 में चालान कर न्यायालय में पेश किया गया है।