मीरानपुर कटरा में जगद्गुरु शंकराचार्य के आगमन पर उमड़ा जनसैलाब, गौमाता के सम्मान को लेकर दिलाया संकल्प

टेन न्यूज़ !! ०२ जुलाई २०२६ !! रिपोर्टर: पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। गुरुवार को मीरानपुर कटरा में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के आगमन पर श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। कटरा-जलालाबाद राज्य मार्ग स्थित पूर्व चेयरमैन सुखेश कुमार गुप्ता के आलू स्टोर पर आयोजित स्वागत समारोह में हजारों की संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में जयघोष, पुष्पवर्षा और धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।
अपने उद्बोधन में जगद्गुरु शंकराचार्य ने उपस्थित श्रद्धालुओं से दोनों हाथ उठवाकर गौमाता के सम्मान और संरक्षण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि “उत्तर प्रदेश सरकार हमारी गौमाता को पशु कह रही है, इससे हमारे हृदय को बहुत पीड़ा हो रही है। गौमाता केवल एक पशु नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, भारतीय परंपरा और करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं। गौमाता के सम्मान और संरक्षण के लिए समाज को एकजुट होकर आगे आना होगा।” उनके इस आह्वान पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने हाथ उठाकर गौसेवा और सनातन धर्म की रक्षा का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश यादव ने अपने समर्थकों के साथ जगद्गुरु शंकराचार्य का पुष्पमालाएं पहनाकर एवं पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया। उन्होंने श्रद्धा स्वरूप जगद्गुरु को सुदर्शन चक्र भेंट कर सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी अमित यादव, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष तनवीर खान, पूर्व चेयरमैन सुखेश कुमार गुप्ता, शरद यादव, राधेश्याम यादव, पप्पू यादव, महेंद्र प्रधान, नेत्रपाल, सौरभ मिश्रा, राजेश मिश्रा, जीशान राजा, कृष्ण पाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
जगद्गुरु के आगमन से पूरे नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयघोष के साथ उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा।