भारत-अमेरिका ट्रेड डील रद्द करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा

टेन न्यूज़ !! २५ जून २०२६ !! अमुक सक्सेना
तिलहर, शाहजहांपुर। भारतीय किसान मजदूर यूनियन (राष्ट्रवादी) के पदाधिकारियों ने तहसील अध्यक्ष प्रमोद कुमार वर्मा के नेतृत्व में किसानों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर महामहिम राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। उपजिलाधिकारी की अनुपस्थिति में ज्ञापन तहसीलदार ने प्राप्त किया।
ज्ञापन में भारत-अमेरिका ट्रेड डील (व्यापार समझौता) को रद्द करने, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गारंटी कानून बनाने, किसानों को फसल सिंचाई के लिए प्रतिदिन 18 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा गन्ने का मूल्य उत्पादन लागत के अनुरूप 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग की गई।
इसके अलावा किसानों को फसल उत्पादन बढ़ाने के लिए पर्याप्त मात्रा में यूरिया एवं डीएपी उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई। संगठन ने अन्य राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की भांति भारतीय किसान मजदूर यूनियन (राष्ट्रवादी) के पदाधिकारियों के वाहनों को भी टोल प्लाजा पर निशुल्क आवागमन की सुविधा दिए जाने की मांग की।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान एवं कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए सरकार को शीघ्र आवश्यक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो संगठन आगे आंदोलन की रणनीति भी बना सकता है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र पाल शाक्य, तहसील उपाध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा, बाबूराम, ब्लॉक अध्यक्ष तिलहर नेत्रपाल मौर्य, ब्लॉक अध्यक्ष खुदागंज जयवीर सिंह यादव, ब्लॉक अध्यक्ष निगोही शिवराम पांडे, नगर अध्यक्ष कटरा मुन्नालाल सक्सेना, मोहनलाल, राधेश्याम, रतिराम, सर्वेश कुमार, प्रतिपाल यादव, पप्पू, जयनारायण यादव सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।