रायबरेली में चलती कार बनी आग का गोला, कूदकर बची सवारों की जान
टेन न्यूज़ ii 02 मई 2026 ii रिपोर्ट: वसीम खान, ब्यूरो | लोकेशन: रायबरेली
रायबरेली। जिले के मिल एरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सारस होटल के पास स्थित ओवरब्रिज पर एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। कुछ ही पलों में वाहन धूं-धूं कर जलने लगा, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार ओवरब्रिज पर पहुंचते ही उसमें से धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए कार सवारों ने तत्काल गाड़ी रोककर बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। उनके बाहर निकलते ही आग ने भयावह रूप ले लिया और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
घटना के चलते ओवरब्रिज पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारू करा दिया।
(टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट)
