गर्रा पुल से युवती ने लगाई छलांग, लोगों की सूझबूझ से बची जान

टेन न्यूज़ ii 18 अप्रैल 2026 ii डीपी सिंह @डेस्क न्यूज़
शाहजहांपुर। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 25 वर्षीय युवती ने गर्रा पुल से नदी में छलांग लगा दी। गनीमत रही कि नदी में पानी कम था, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से उसकी जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती अचानक पुल पर पहुंची और बिना कुछ कहे नदी में कूद गई। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार युवती की हालत फिलहाल स्थिर है।
घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
