स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठाकुर योगेंद्र पाल सिंह तोमर की प्रतिमा का भव्य अनावरण, परिजनों का सम्मान
टेन न्यूज़ ii 18 अप्रैल 2026 ii अमुक सक्सेना
तिलहर (शाहजहांपुर)
तिलहर क्षेत्र के ग्राम उमरसड़ में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ठाकुर योगेंद्र पाल सिंह तोमर की प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन उनके सुपुत्र विजय सिंह तोमर द्वारा किया गया, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
प्रतिमा का अनावरण कटरा विधायक डॉ. वीर विक्रम सिंह ‘प्रिंस’ द्वारा किया गया। इससे पूर्व गुरुकुल रुद्रपुर से आई टीम ने विधिवत हवन-पूजन संपन्न कराया और स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के जिला संरक्षक ठाकुर विजय सिंह तोमर ने अपने पिता के जीवन और योगदान पर प्रकाश डाला। वहीं संगठन के जिला अध्यक्ष राजीव कुमार राजे ने मुख्यमंत्री को संबोधित 11 सूत्रीय ज्ञापन मुख्य अतिथि को सौंपा, जिस पर विधायक ने समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को माल्यार्पण, शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में राजीव कुमार राजे, सत्य प्रकाश सिंह, अवधेश सिंह, चन्द्र मोहन शंखधार, ओमकांत शुक्ला, जमालुद्दीन एवं अनुरुद्ध कुमार शास्त्री प्रमुख रहे।
कार्यक्रम का संचालन ख्यातिलब्ध हास्य-व्यंग्य कवि विजय तन्हा ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में खुदागंज चेयरमैन सुधीर सिंह, मदनापुर ब्लॉक प्रमुख महेश पाल सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. वीर विक्रम सिंह ‘प्रिंस’ ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का त्याग और बलिदान हमारी अमूल्य धरोहर है। उनकी स्मृति में प्रतिमाएं स्थापित करना नई पीढ़ी को देशभक्ति की प्रेरणा देता है।
अंत में आयोजक विजय सिंह तोमर ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
