जमीन पट्टा घोटाले का आरोप, लेखपाल पर गंभीर सवाल
टेन न्यूज़ ii 20 मार्च 2026 ii रिपोर्ट: प्रभाष चंद्र ब्यूरो, कन्नौज
कन्नौज जनपद की तिर्वा तहसील क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां ग्राम जोगनीपूर्वा निवासी अजीत कुमार पाल ने लेखपाल रामदास विश्वास पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित अजीत कुमार पाल के अनुसार, वर्ष 2013 में लेखपाल ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बड़ी संख्या में जमीन के पट्टे अपने रिश्तेदारों और परिचितों के नाम कर दिए। आरोप है कि बाद में उसी जमीन को अपने बेटे, बहन और बहनोई के नाम बेनामा करा लिया गया। इतना ही नहीं, कुछ बाहरी लोगों को भी कथित रूप से फर्जी आधार कार्ड के जरिए पट्टे दिलवाए गए।
पीड़ित का कहना है कि इस पूरे मामले में बड़ी स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं, जिससे ग्रामीणों के अधिकारों का हनन हुआ है। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और संबंधित संपत्तियों की जांच की मांग की है।
“हमारी जमीन में गड़बड़ी की गई है। पट्टे गलत तरीके से किए गए हैं। प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।”
अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले को कितनी प्राथमिकता देता है और पीड़ित को कब तक न्याय मिल पाता है।
कन्नौज से प्रभाष चंद्र की रिपोर्ट






