तीसरी बार विधायक बनने के बाद फिर कैबिनेट मंत्री बने अशोक सिंघल का भव्य सार्वजनिक अभिनंदन

टेन न्यूज़ !! ०९ जून २०२६ !! प्रशांत वैश्य ब्यूरो, सोनितपुर (असम)
असम सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं 65 नंबर ढेकियाजुली विधानसभा क्षेत्र के विधायक अशोक सिंघल के सम्मान में सोमवार को सोनितपुर जिले के शहीद नगरी ढेकियाजुली स्थित जुबिन प्रेक्षागृह में भव्य सार्वजनिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ढेकियाजुली नागरिक मंच के तत्वावधान में किया गया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, राजनीतिक नेताओं, समाजसेवियों, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में अशोक सिंघल लगातार तीसरी बार ढेकियाजुली विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए हैं। इसके साथ ही उन्हें दूसरी बार असम सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में जिम्मेदारी मिली है। उनकी इस उपलब्धि पर नागरिक मंच द्वारा सार्वजनिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नागरिक मंच के अध्यक्ष नारायण बोरा ने की, जबकि संचालन उपाध्यक्ष काजल बोरा ने किया। मंच के सचिव यादव भराली ने स्वागत भाषण में कहा कि अशोक सिंघल के नेतृत्व में ढेकियाजुली क्षेत्र ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है और कैबिनेट मंत्री के रूप में उनकी भूमिका क्षेत्र के विकास को और गति देगी।
समारोह में विभिन्न संगठनों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने अशोक सिंघल को पारंपरिक फूलाम गामोसा, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान स्वीकार करते हुए अशोक सिंघल ने क्षेत्र की जनता, नागरिक मंच और अपने समर्थकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और समर्थन के कारण ही उन्हें लगातार तीसरी बार विधायक बनने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि वे भविष्य में भी ढेकियाजुली विधानसभा क्षेत्र और पूरे असम के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।
समारोह में असम गण परिषद के नेता रतुल कुमार नाथ, भाजपा के वरिष्ठ नेता जॉन शइकिया, सह-जिला आयुक्त मानसज्योति नाथ, पुलिस अधीक्षक भार्गव मुनि दास, सहायक आयुक्त सृष्टि कलिता एवं कृष्णा शर्मा, लोकनायक अमिय कुमार दास महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शुकदेव अधिकारी, एबीएसयू जिला अध्यक्ष इनुस मुसाहारी, नगर पालिका अध्यक्ष सुस्मिता दास, उपाध्यक्ष तुलिका शइकिया, थाना प्रभारी दीपक दास, प्रेस क्लब अध्यक्ष भगवान वैश्य, भाजपा मंडल अध्यक्ष काजू दीप, हेमंत डेका, समाजसेवी महावीर चेतिया, महेंद्र कुमार चांदक तथा युवा मोर्चा नेता उपांकर कपाली सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में अशोक सिंघल के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।