• Tue. Apr 21st, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

बड़े लाट साहब जुलूस को लेकर एएसपी नगर ने किया रूट मार्च, सुरक्षा इंतजामों की परखी तैयारियां

ByTen News One Desk

Mar 3, 2026
33 Views

बड़े लाट साहब जुलूस को लेकर एएसपी नगर ने किया रूट मार्च, सुरक्षा इंतजामों की परखी तैयारियां


टेन न्यूज़ ii 03 मार्च 2026 ii डीपी सिंह@डेस्क न्यूज़,
शाहजहाँपुर,

होली पर्व पर निकलने वाले पारंपरिक “बड़े लाट साहब” जुलूस को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) ने मंगलवार को जुलूस मार्ग का स्थलीय भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) ने होली कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ जुलूस के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रमुख चौराहों, तिराहों और संवेदनशील स्थलों का बारीकी से जायजा लिया गया।

बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था, यातायात डायवर्जन योजना, पार्किंग स्थलों की उपलब्धता और आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध आवागमन की तैयारियों को परखा गया।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम, थाना कोतवाली और थाना सदर बाजार पुलिस बल के साथ गैर जनपदों से प्राप्त अतिरिक्त पुलिस बल भी मौजूद रहा। सेक्टर एवं जोन प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) ने निर्देशित किया कि प्रत्येक ड्यूटी प्वाइंट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे तथा सेक्टर प्रभारी और जोनल अधिकारी निरंतर भ्रमणशील रहकर निगरानी करें। संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के साथ ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान यातायात डायवर्जन योजना का कड़ाई से पालन कराया जाए, ताकि आमजन को असुविधा न हो। साथ ही होली कमेटी और स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित कर सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम संपन्न कराया जाए।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी तथा सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखी जा रही है।

जनपदवासियों से अपील की गई है कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या डायल 112 पर दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!