सड़क पर खड़े सांड से टकराई बाइक, 22 वर्षीय युवक की मौत, साथी गंभीर घायल

शादी की दावत से घर लौट रहे थे दोनों युवक, बरेली ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
टेन न्यूज़ !! २३ नवम्बर २०२६ !! पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। कटरा-खुदागंज मार्ग पर ग्राम कपूरनगला के सामने सोमवार देर रात सड़क पर खड़े सांड से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम भौना निवासी छोटे लाल राजपूत का बेटा नरेंद्र (22) गांव के ही अनूप कुमार के साथ खुदागंज थाना क्षेत्र के ग्राम अकबरिया में शादी की दावत में शामिल होने गया था। दोनों सोमवार देर रात करीब 12 बजे बाइक से अपने गांव वापस लौट रहे थे। बाइक नरेंद्र चला रहा था, जबकि अनूप कुमार पीछे बैठा था।![]()
बताया गया कि कटरा-खुदागंज मार्ग पर ग्राम कपूरनगला के सामने सड़क पर खड़े सांड से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में नरेंद्र और अनूप कुमार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को मीरानपुर कटरा स्थित जनसेवा हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
नरेंद्र की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बरेली रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर बरेली जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बरेली अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सोमवार सुबह पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए शाहजहांपुर भेज दिया। वहीं, घायल अनूप कुमार का उपचार जारी है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।