ट्रक की टक्कर से सिपाही समेत बाइक सवार घायल, गंभीर हालत में बाइक सवार बरेली रेफर
टेन न्यूज ।। 18 सितम्बर 2026 ।। पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर चौधरी ढाबे के सामने बुधवार रात वाहन चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार लकड़ी लदे ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सौरभ सिंह और यातायात पुलिस के सिपाही करण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, क्रिटिकल कॉरिडोर टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक विमल सिंह पुलिस टीम के साथ बैरियर लगाकर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक चेकिंग में लगे सिपाही करण कुमार से जा भिड़ी, जिससे उनका सिर बैरियर से टकरा गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा होते ही पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। सौरभ सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया, जबकि सिपाही करण कुमार का कटरा के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद पुलिस ने फरार ट्रक चालक की तलाश तेज कर दी है। चालक की पहचान के लिए हाईवे और कटरा-जालालाबाद मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बताया गया कि बाइक सवार सौरभ सिंह हेलमेट पहने हुए थे और कटरा से अपने गांव मधपुरी जा रहे थे। हादसे में उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।