मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुदागंज के नवादा मोड़ मैदान में लोकसभा भाजपा प्रत्याशी अरुण कुमार सागर के समर्थन में चुनावी जनसभा को किया संबोधित, विरोधियों पर साधा निशाना
टेन न्यूज़ !! ०६ मई २०२४ !! डीपी सिंह डेस्क@प्रशांत शर्मा, खुदागंज/शाहजहांपुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को शाहजहांपुर जिले के खुदागंज के नवादा मोड़ मैदान में लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अरुण कुमार सागर के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। शाहजहांपुर जिले का खुदागंज लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। यहां नवादा मोड़ मैदान पर जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा!
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाहजहांपुर के खुदागंज नगर के नवादा मोड़ के मैदान पर जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। राम मंदिर का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि जो कभी नहीं हुआ, वो अब हुआ है। रामलला का भव्य मंदिर बन गया है। अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर सपा, बसपा और कांग्रेस के लोग बना पाते क्या? ये लोग बोलते थे कि राम थे ही नहीं। जब राम मंदिर बन गया तो बोलते हैं राम सबके हैं। इन लोगों का दोहरा चरित्र है। चुनाव जब आएगा, तब आपके पास आएंगे। चुनाव के बाद पहचानेंगे भी नहीं नहीं।
सपा और कांग्रेस पर जमकर बरसे
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले दुनिया में सम्मान नहीं था। आतंकवादी गतिविधियां बढ़ रही थीं। बेटी-व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। लोग भूख से मरते थे। किसान आत्महत्या करता था। आस्था के साथ खिलवाड़ होता था। कांग्रेस की सरकारें कहती थीं कि राम और कृष्ण हुए ही नहीं। समाजवादी पार्टी के लोग कहते थे 2014 के बाद भारत देखिए। दुनिया में सम्मान बढ़ा है। सीमाएं सुरक्षित हैं। आतंकवाद और नक्सलवाद पूरी तरह से समाप्त हुआ है। अब कहीं पटाखा भी फूटा है तो पाकिस्तान सबसे पहले सफाई देता है कि इसमें मेरा हाथ नहीं है। यह नया भारत है नया भारत छेड़ता नहीं है लेकिन कोई छेड़ता है तो छोड़ता भी नही
सरकार के कामों को गिनाया
सीएम योगी ने सरकार के कामों को गिनाया। कहा कि आज एक तरफ सुरक्षा और सम्मान है, दूसरी तरफ विकास और लोक कल्याण है। 80 करोड़ लोगों को निशुल्क राशन मिल रहा है। आयुष्मान भारत के तहत लोगों को स्वास्थ्य लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में यह भी व्यवस्था की है कि अगर कोई गरीब बीमार पड़ता है, आयुष्मान का कार्ड नहीं है या नहीं बन पाया है। अगर कोई विधायक, सांसद या भाजपा का कोई पदाधिकारी या पीड़ित भी पत्र भेज देता है तो सीधे लखनऊ से उनके जनधन खाते में पैसा भेजा जाता है। यह आपकी सरकार है। आप इसके मालिक हैं।
शाहजहांपुर में हनुमत धाम मे विशाल मूर्ति का निर्माण, फर्रुखाबाद से कटरा बाय खुदागंज होते हुए पीलीभीत तक नेशनल 730सी ग्रीन हाईवे का निर्माण नवादा नवादा दरोवस्त में डिग्री कॉलेज का निर्माण, भुंड़ी घाट पर पुल का निर्माण , भारतीय जनता पार्टी द्वारा कई हद तक गरीब परिवारों पक्के मकान दिए है।
जो गरीब वर्ग पक्के मकान से अभी भी वंचित है । उन्हें भी पक्के मकान दिलाने भारतीय जनता पार्टी द्वारा दिए जाने का वादा स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय का निर्माण
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले तो कांग्रेस, सपा और बसपा के लोग कैसे थे। रसोई गैस देते नहीं थे। केरोसिन ब्लैक हो जाता था। अगर पर्व और त्योहार के दिन किसी ने अपनें घर में रसोई गैस का सिलेंडर रखा है और समाप्त हो गया। वह सिलेंडर लेने गया तो उसे मिलता नहीं था। या तो पुलिस की लाठी बजती थी। अगर घर सुरक्षित आ ही गया और खाली सिलेंडर है तो घर में बेलन की मार अलग से पड़ती थी। यानि ये लोग बाहर भी पिटवाते थे और घर में भी पिटवाते थे। उन्होंने कहा कि आज 10 करोड़ लोगों को निशुल्क रसोई गैस का कनेक्शन मिल गया या नहीं।
कांग्रेस के मेनिफेस्टो पर निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने मेनिफेस्टो किस प्रकार का बनाया है। कहते हैं कि अगर कांग्रेस की नेतृत्व की सरकार बन गई, जिसको समाजवादी पार्टी का समर्थन हो तो अल्पसंख्यकों को खानपान की पूरी स्वतंत्रता देंगे। योगी ने पूछा कि ऐसा कौन सा खानपान है, जिसे बहुसंख्यक समाज नापसंद करता है वे पसंद करते हैं। एक ही है गोमाता। कांग्रेस और सपा-बसपा वालों को गोमाता को काटने की छूट देंगे क्या आप? क्या पाप करेंगे आप। उन्होंने कहा कि गोमाता की रक्षा के लिए हम अपनी जान भी दे देंगे, लेकिन उनका बाल भी बांका नहीं होने देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गोकशी करना दूर की बात है कोई उसके बारे में सोचेगा तो उसके लिए जहन्नुम के द्वार पहले ही खुल जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत 80 करोड़ लोगों को फ्री में राशन दे रहा है। पाकिस्तान में 23 से 24 करोड़ लोग भूख से मर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद की भट्ठी है, सुलगाई उसने है तो जलेगा भी वही। लेकिन कांग्रेस के लोगों की तारीफ पाकिस्तान के लोग कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव के चौथे चरण में आपको मतदान करना है। हर भारतवासी के लिए लोकतंत्र का पर्व गौरव का क्षण होता है। यह पर्व अपनी पसंद की सरकार चुनने का अधिकार देता है। अगर सरकार गलत काम करती है, तो उसे सत्ता से हटाने की ताकत जनता के पास है। कोई अच्छा काम करता है तो सत्ता का सिंहासन उसे सौंपने का काम भी जनता करती है। इसलिए इसमें भागीदार बनना है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले आपने सपा, बसपा और कांग्रेस को देखा है। नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को भी आपने देखा है। निर्णय आपको लेना है।