• Sun. Jun 14th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

बैलगाड़ी हांककर सीओ ने दिया ईंधन बचत का संदेश, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

ByTen News One Desk

Jun 2, 2026
23 Views

बैलगाड़ी हांककर सीओ ने दिया ईंधन बचत का संदेश, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल


टेन न्यूज़ !! ०२ जून २०२६ !! राहुल विश्वकर्मा ब्यूरो

महोबा। जिले की कुलपहाड़ तहसील में तैनात क्षेत्राधिकारी (सीओ) रविकांत गौड़ का एक अनोखा अंदाज इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। सीओ रविकांत गौड़ ने बैलगाड़ी हांककर किसानों और आम लोगों को पेट्रोल-डीजल की बचत करने तथा पारंपरिक कृषि संसाधनों को बढ़ावा देने का संदेश दिया। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि सीओ रविकांत गौड़ ने वैश्विक तनाव, बढ़ती ईंधन कीमतों और आर्थिक बोझ को देखते हुए किसानों से अपील की कि वे जहां संभव हो, कृषि कार्यों में बैलों और बैलगाड़ी का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि पुराने समय में खेती-किसानी से जुड़े अधिकांश कार्य बैलों के माध्यम से ही किए जाते थे, जिससे ईंधन की खपत नहीं होती थी और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी नहीं पड़ता था।

सीओ ने कहा कि आधुनिक युग में मशीनों के बढ़ते उपयोग के बावजूद बुंदेलखंड क्षेत्र के कई ग्रामीण इलाकों में आज भी बैलगाड़ी और बैलों का इस्तेमाल खेती-किसानी में किया जाता है। यह न केवल पर्यावरण के लिए बेहतर है, बल्कि ईंधन की बचत में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि एक समय ऐसा था जब बैलगाड़ी ही गांवों की प्रमुख परिवहन व्यवस्था हुआ करती थी। ग्रामीण जीवन और कृषि संस्कृति में बैलगाड़ी का विशेष महत्व रहा है। सीओ का मानना है कि पारंपरिक संसाधनों का संतुलित उपयोग आज भी उपयोगी साबित हो सकता है।

सीओ रविकांत गौड़ का बैलगाड़ी चलाते हुए वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग उनकी पहल की सराहना कर रहे हैं। कई लोगों ने इसे ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश बताया है।

रिपोर्ट : राहुल विश्वकर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!