• Tue. Nov 24th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

गोशाला में गोवंशों की मौत का सिलसिला जारी, दो दिन में दो की मौत, कई बीमार

ByTen News One Desk

Nov 24, 2026
11 Views

गोशाला में गोवंशों की मौत का सिलसिला जारी, दो दिन में दो की मौत, कई बीमार


हरा चारा नहीं मिलने का ग्रामीणों ने लगाया आरोप, सूखी करबी और पुआल के सहारे गोवंशों का गुजर-बसर


टेन न्यूज़ !! २४ नवम्बर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल

औरैया। बिधूना ब्लॉक की ग्राम पंचायत पुरवा पीताराम स्थित गोशाला में गोवंशों की मौत और उनके बीमार होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गोशाला में गोवंशों की संख्या घटकर अब 69 रह गई है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले दो दिनों में दो गोवंशों की मौत हो चुकी है, जबकि एक गोवंश की हालत गंभीर बनी हुई है। दो अन्य गोवंश भी बीमार बताए जा रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि गोशाला में गोवंशों को पर्याप्त मात्रा में हरा चारा नहीं दिया जा रहा है। उन्हें सूखी करबी और पुआल के सहारे रखा जा रहा है। पर्याप्त पोषण नहीं मिलने के कारण गोवंश कमजोर होकर बीमार पड़ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गोशाला में देखरेख के लिए तीन केयरटेकर तैनात हैं, इसके बावजूद व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है।

गोशाला परिसर और उसके आसपास गंदगी होने की बात भी सामने आई है। ग्रामीणों ने साफ-सफाई की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि गोवंशों की लगातार मौत और बीमारी से उनकी चिंता बढ़ रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से गोशाला में पर्याप्त हरे चारे की व्यवस्था कराने, नियमित साफ-सफाई और बीमार गोवंशों का समय से उपचार कराने की मांग की है।

इस संबंध में खंड विकास अधिकारी यदुवीर सिंह ने बताया कि गोशाला की व्यवस्थाओं की जांच कराई जाएगी। बीमार गोवंशों का उपचार कराने के साथ ही चारे और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!