ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने पर गाइडलाइन जारी करने की मांग, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

टेन न्यूज़ !! २४ जून २०२६ !! प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट
स्थान: कन्नौज, उत्तर प्रदेश
कन्नौज। अखिल भारतीय ग्राम प्रधान संगठन, जनपद कन्नौज के जिलाध्यक्ष डॉ. चन्द्रकांत यादव के नेतृत्व में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी कन्नौज को सौंपा गया। ज्ञापन में ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों को प्रशासक नियुक्त किए जाने के बाद उनकी जिम्मेदारियों एवं अधिकारों के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 26 मई से ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों को प्रशासक नियुक्त किया गया है, लेकिन अब तक उनके अधिकारों, कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों को लेकर कोई स्पष्ट गाइडलाइन जारी नहीं की गई है। इसके कारण ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के संचालन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है और कई विकास योजनाएं प्रभावित हो रही हैं।
ग्राम प्रधान संगठन का कहना है कि शासन स्तर से स्पष्ट दिशा-निर्देश न मिलने के कारण ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की गति धीमी पड़ रही है। संगठन ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए प्रशासकों के अधिकार एवं कर्तव्यों संबंधी विस्तृत गाइडलाइन शीघ्र जारी की जाए।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक प्रशासकों की भूमिका और अधिकार स्पष्ट नहीं होंगे, तब तक ग्राम पंचायतों में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में कठिनाइयां बनी रहेंगी। ज्ञापन के माध्यम से शासन एवं प्रशासन से इस विषय पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की गई है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय ग्राम प्रधान संगठन के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष डॉ. चन्द्रकांत यादव ने संगठन की मांगों और ग्राम पंचायतों की वर्तमान स्थिति को लेकर विस्तार से अपनी बात रखी।
टेन न्यूज़ कन्नौज के लिए प्रभाष चंद्र की विशेष रिपोर्ट।