डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज घूरन तलैया में एचपीवी टीकाकरण अभियान का फीता काट कर किया शुभारंभ![]()
डीएम ने अभिभावकों से बेटियों का टीकाकरण कराने की अपील
टेन न्यूज ii 31 जुलाई 2026 ii डीपी सिंह @डेस्क न्यूज
शाहजहांपुर। जनपद में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से संचालित एचपीवी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत आज जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, घूरन तलैया, शाहजहांपुर में आयोजित एचपीवी टीकाकरण शिविर का फीता काट कर शुभारंभ किया।
जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन पूर्णतः सुरक्षित एवं प्रभावी है। उन्होंने जनपद के सभी अभिभावकों से अपील की कि 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष की आयु पूरी न करने वाली सभी बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, जिससे उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में अब तक 8,032 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। यह टीकाकरण अभियान सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि पूर्व में यह वैक्सीन केवल निजी अस्पतालों में उपलब्ध थी, किंतु अब जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर यह पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने सभी अभिभावकों से इस सुविधा का लाभ उठाते हुए पात्र बालिकाओं का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की।
टीकाकरण कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु गठित टीम में डॉ. रोशनी सक्सेना, एएनएम सलोनी मिश्रा, एएनएम ममता देवी एवं एएनएम नेहा शुक्ला ने सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.पी. श्रीवास्तव, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहम्मद आसिफ तथा विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) से डॉ. आकांक्षा यादव मौजूद रहे।