फर्रुखाबाद में स्वास्थ्य केंद्रों का डीएम ने किया निरीक्षण![]()
टेन न्यूज ।। 19 सितम्बर 2026 ।। तौफ़ीक़ फारूकी ब्यूरो
फर्रुखाबाद। तहसील अमृतपुर में आयोजित तहसील समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कर्मचारियों की उपस्थिति, ओपीडी, दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं, प्रसव सेवाओं और मरीजों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली।
पीएचसी अमृतपुर में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. गौरव वर्मा मौजूद मिले। बताया गया कि यहां प्रतिदिन औसतन 200 से अधिक मरीज पहुंचते हैं। निरीक्षण के समय तक 130 से अधिक मरीजों का परीक्षण हो चुका था। डीएम ने ओपीडी व्यवस्था बेहतर रखते हुए मरीजों को समय से परामर्श, जांच और उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।![]()
प्रसव सेवाओं की समीक्षा में एएनएम के अवकाश और प्रशिक्षण पर होने के कारण सेवाएं प्रभावित होने की जानकारी मिली। इस पर सीएमओ ने पीएचसी अमृतपुर में स्टाफ नर्स नियुक्त करने के आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान एक फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिला, जिस पर डीएम ने कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीएचसी अमृतपुर में सीबीसी सहित अन्य जांच मशीनों को सुचारु रखने के निर्देश दिए गए। इसके बाद पीएचसी पिथनापुर का निरीक्षण कर प्रसव सेवाओं, दवाओं, जांच और साफ-सफाई की समीक्षा की गई। बाढ़ के बाद डीएम ने जलजनित एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए निगरानी बढ़ाने और स्वच्छ पेयजल के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए।