• Tue. Apr 21st, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

“12 साल से लापता बेटे की तलाश में भटक रहा परिवार, पुलिस पर लापरवाही के आरोप”

ByTen News One Desk

Apr 21, 2026
5 Views

“12 साल से लापता बेटे की तलाश में भटक रहा परिवार, पुलिस पर लापरवाही के आरोप”


टेन न्यूज ii 21 अप्रैल 2026 ii ब्यूरो चीफ: रामजी पोरवाल
औरैया। जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र के ग्राम नौली का एक परिवार पिछले 12 वर्षों से अपने लापता बेटे की तलाश में दर-दर भटक रहा है। थक-हारकर अब परिजनों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार वीरेश कुमार राठौर का पुत्र अनकेश कुमार, जो कक्षा 11 का छात्र था, 19 मार्च 2014 को ककोर स्थित कोचिंग से लौटते समय संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था।

परिजनों ने 20 मार्च को थाना दिबियापुर में तहरीर दी, लेकिन तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। बाद में 27 मार्च 2014 को पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने कॉल डिटेल के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था, लेकिन विवेचना को कमजोर कर उन्हें बरी कर दिया गया। परिवार का कहना है कि आरोपी आज भी खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें धमकियां दे रहे हैं, जबकि 12 वर्षों बाद भी उनके बेटे का कोई सुराग नहीं लग सका है।

पीड़ित परिवार ने बताया कि उन्होंने कई बार पुलिस के उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका दावा है कि उनके पास कुछ अहम कॉल डिटेल और साक्ष्य हैं, जिन्हें जांच में नजरअंदाज किया गया।

अब परिजनों ने मुख्यमंत्री से मामले की दोबारा गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और लापता छात्र का पता लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!