“सहकारी समिति पर सख्त नजर: एसडीएम वैशाली का औचक निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश”
टेन न्यूज़ ii 21 अप्रैल 2026 ii प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी सदर सुश्री वैशाली ने सहकारी समिति लि० जसपुरापुर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टॉक रजिस्टर, खाद्यान्न भंडारण, गोदाम की स्थिति और वितरण प्रणाली की गहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसानों को खाद्य सामग्री एवं उर्वरकों की उपलब्धता में किसी प्रकार की कमी न होने पाए। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियां किसानों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र हैं, इसलिए यहां पारदर्शिता, नियमित स्टॉक अपडेट और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने गोदाम में रखे खाद्यान्न और उर्वरकों के सुरक्षित व सुव्यवस्थित भंडारण पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि गुणवत्ता प्रभावित न हो। साथ ही सभी अभिलेखों को अद्यतन और सत्यापित रखने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी समय सही जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।
इस दौरान सुश्री वैशाली ने फार्मर रजिस्ट्री के महत्व पर भी जोर देते हुए अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि किसानों को इसके प्रति जागरूक करें और पंजीकरण में आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के समय समिति के पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
