NHAI की कार्रवाई से गरीब दुकानदारों में रोष, तिरपाल हटने से रोजी-रोटी पर संकट![]()
टेन न्यूज़ ii 05 अगस्त 2026 ii रिपोर्टर: पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा (शाहजहाँपुर)।
मीरानपुर कटरा में नेशनल हाईवे पर मुशर्रफ खान की पुलिया के पास NHAI की कार्रवाई के बाद सड़क किनारे वर्षों से छोटे कारोबार कर रहे दुकानदारों में नाराजगी फैल गई। सड़क चौड़ीकरण अभियान के दौरान दुकानों के आगे धूप और बारिश से बचाव के लिए लगाई गई अस्थायी तिरपाल और पन्नियां हटवा दी गईं, जिससे दुकानदारों की आजीविका प्रभावित होने की बात सामने आई है।
दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने कोई पक्का अतिक्रमण नहीं किया था। न लोहे के एंगल लगाए थे और न ही स्थायी टीनशेड बनाया था। केवल धूप और बरसात से बचने के लिए रस्सियों के सहारे तिरपाल लगाई गई थी, ताकि वे बैठकर अपना रोजगार चला सकें। उनका आरोप है कि उनकी मजबूरी बताने के बावजूद कार्रवाई नहीं रोकी गई।
व्यापारियों ने कहा कि उन्हें सड़क निर्माण या सरकारी परियोजना से कोई आपत्ति नहीं है। उनका कहना है कि यदि सड़क चौड़ीकरण के लिए भूमि की आवश्यकता है तो पहले स्पष्ट सूचना और लिखित नोटिस दिया जाए तथा जितनी जमीन जरूरी हो, उतनी ही खाली कराई जाए। जब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होता, तब तक उन्हें सम्मानपूर्वक अपना रोजगार करने दिया जाए।
कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि विकास जरूरी है, लेकिन इसके साथ गरीबों की आजीविका और मानवीय संवेदनाओं का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
मौके पर पहुंचे कांग्रेस नगर अध्यक्ष अच्छन खान ने कहा कि गरीब दुकानदारों की रोजी-रोटी प्रभावित करने वाली इस तरह की कार्रवाई उचित नहीं है और प्रशासन को संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए। वहीं तालीब खान (राजा पीसीओ) ने कहा कि बिना पूर्व सूचना तिरपाल हटाने से गरीब परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
इस दौरान युवा नेता नदीम अंसारी सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। उन्होंने NHAI से सड़क निर्माण के साथ-साथ गरीब दुकानदारों के हितों और आजीविका का भी ध्यान रखने की मांग की।