प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पर ठगों की नजर ओटीपी मांगने वालों से सावधान विभाग ने किया अलर्ट
टेन न्यूज ii 06 फरवरी 2026 ii ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरया।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत लाभार्थियों से ओटीपी मांगकर ठगी किए जाने की आशंका को देखते हुए विभाग की ओर से महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। बताया गया है कि योजना की लाभार्थी महिलाओं के मोबाइल पर किसी भी प्रकार का ओटीपी नहीं भेजा जाता है। यदि कोई व्यक्ति फोन करके योजना के तहत पैसे भेजने की बात कहे और ओटीपी मांगे, तो वह ठग हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।
विभाग के अनुसार ओटीपी केवल आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की लॉगिन आईडी से पोर्टल खोलने के लिए निदेशालय द्वारा पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजा जाता है। लाभार्थियों को ओटीपी देने की कोई प्रक्रिया नहीं है।
यह भी स्पष्ट किया गया है कि योजना के अंतर्गत आवेदन के समय लाभार्थी का केवल आधार नंबर दर्ज किया जाता है, जो बैंक खाते से लिंक होता है। किसी भी लाभार्थी से ओटीपी लेना नियमों में शामिल नहीं है।
सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से अपील की गई है कि वे अपने क्षेत्र की लाभार्थी महिलाओं को जागरूक करें और उन्हें स्पष्ट रूप से बताएं कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ लेने के लिए किसी को भी ओटीपी नहीं देना है।





