• Sun. Apr 12th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

मीरानपुर कटरा में दुकान में लगी आग, लाखों का नुकसान

ByTen News One Desk

Mar 26, 2026
175 Views

मीरानपुर कटरा में दुकान में लगी आग, लाखों का नुकसान


टेन न्यूज़ !! २६ मार्च २०२६ !! पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर । लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाड़े शरीफ के ठीक सामने स्थित एक दुकान नुमा लकड़ी के खोखे में देर रात अचानक आग लग गई, जिससे दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पीड़ित जमील ख़ाँ पुत्र खलील ख़ाँ ने बताया कि वह रोज़ की तरह रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात लगभग 2:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनकी दुकान में आग लग गई है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पूरी दुकान जलकर खाक हो चुकी थी।

आग से दुकान में रखा फ्रिज, इनवर्टर, बैटरी, बड़ी सौर ऊर्जा प्लेट, अलमारी सहित अन्य सामान नष्ट हो गया। साथ ही अलमारी में रखी करीब 7 हजार रुपये की नकदी भी जल गई। पीड़ित के अनुसार, इस घटना में लगभग दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। यही दुकान उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन थी, जिसके नष्ट हो जाने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

जमील ख़ाँ ने यह भी बताया कि इससे पहले भी उनकी दुकान में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें चोर इनवर्टर व बैटरी समेत अन्य सामान उठा ले गए थे। इस संबंध में उन्होंने थाने में प्रार्थना पत्र भी दिया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

गौरतलब है कि क्षेत्र में इस तरह की आगजनी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इस घटना से एक दिन पहले मोहम्मद जान पुत्र मियांजान निवासी मोहल्ला इस्लामनगर के रोड किनारे रखे लकड़ी के खोखे में भी आग लग गई थी, जिसे राहगीरों की मदद से समय रहते बुझा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। वहीं रमजान से कुछ समय पहले बाड़े शरीफ के निकट एक बिरयानी की दुकान नुमा लकड़ी के खोखे में भी आग लगने से सारा सामान जलकर राख हो गया था।

लगातार हो रही इन घटनाओं से क्षेत्रीय दुकानदारों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इन घटनाओं की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ितों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *